रतलाम जिले में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां जोरों पर, लगभग 3 लाख घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य…

0

News By – नीरज बरमेचा 

  • समूहों की करीब 300 महिलाएं झंडा निर्माण में जुटी

रतलाम 15 जुलाई 2022/  कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देशन में रतलाम जिले में भी हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी जोरों पर है। जिला प्रशासन से लेकर शासकीय अशासकीय संस्थाओं के पदाधिकारी राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत होकर अभियान से जुड़ रहे हैं। आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान संचालित होगा।

कलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया कि अभियान के दौरान शत-प्रतिशत घरों में झंडा फहराया जाएगा। जिले के लगभग 3 लाख घरों पर तिरंगा फहराए जाने का लक्ष्य है। झंडा निर्माण के लिए जिले द्वारा संस्कृति विभाग को मांग पत्र प्रेषित कर दिया गया है। जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी तेजी से तिरंगा निर्माण के लिए जुड़ गई हैं, लगभग 300 महिलाएं तिरंगा निर्माण कर रही है। हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर के निर्देशन में विभिन्न बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जिला स्तरीय समिति से लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं, औद्योगिक तथा व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों की बैठकें आयोजित किए जाने का प्रावधान किया जाकर अभियान की सफलता सुनिश्चित की गई है।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जमुना भिडे ने बताया कि महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारजनों, पड़ोसियों तथा सम्पर्क वाले व्यक्तियों इत्यादि को भी तिरंगा महोत्सव के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। झंडा संहिता की जानकारी ध्वनि विस्तारक यंत्रों, पैंफलेट ब्रोशर इत्यादि के माध्यम से दी जाएगी। शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा भी उत्साह के साथ तिरंगा महोत्सव में भाग लेकर राष्ट्रीय भावना का प्रसार किया जाएगा। इसके लिए अधिकारी, कर्मचारी अपने वेतन से तिरंगा निर्माण हेतु राशि आमजनों को उपलब्ध कराएंगे, इसके अलावा जन सहयोग से तिरंगा निर्माण का प्रावधान किया गया है।

राष्ट्रीय गौरव के प्रति सम्मान से भरे उक्त आयोजन की तैयारियों के संबंध में धरातल स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को झंडा निर्माण के लिए प्रशिक्षित किया गया है। एनआरएलएम के जिला समन्वयक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि अभी 300 महिलाएं झंडा निर्माण में जुटी है आगे और भी महिलाएं उक्त कार्य से जुड़ेंगी।

जिले के शासकीय कार्यालयों में भी झंडा फहराया जाएगा। इसके लिए कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया जा चुका है। लगभग पांच हजार शासकीय कार्यालयों में झंडा फहराया जाने का लक्ष्य है जिसकी तैयारियां कार्यालयों द्वारा की जा रही हैं।


रतलामी चुनावी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…

https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|