शुरू हो गया है नए नगर सरकार का सफर, आरोप से हुई शुरुआत, पुराने खड्डे भरना भाजपा का बड़ा लक्ष्य….

0

News By – विवेक चौधरी & नीरज बरमेचा 

रतलाम, शनिवार 06 अगस्त 2022। रतलाम नगर निगम चुनाव के पश्चात भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के विजेता पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के पश्चात रतलाम नगर सरकार का सफर का शुभारम्भ हो गया है। शुभारंभ के साथ ही प्रशासन पर आरोप भी लगे कि शपथ समारोह का भाजपाईकरण हो गया है। पूर्व महापौर पारस सकलेचा ने बयान जारी करके आरोप लगाया है कि कलेक्टर महोदय स्पष्ट करे कि, कांग्रेस और भाजपा पार्षदगण का अलग-अलग शपथ समारोह क्यो आयोजित किया गया? तथा पूर्व मे तय शपथ समारोह में काग्रेस के विधायक एवं जिलाध्यक्ष हर्षविजय गहलोत तथा शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया को अतिथि बनाकर आमंत्रित करने से किसके इशारे पर इन्कार किया गया ? पारस सकलेचा ने यह भी कहा कि अलग-अलग शपथ समारोह, शहर की राजनीति का काला दिन है।

“पुराने खड्डे भरना भाजपा के लिए बड़ा लक्ष्य”

अलग अलग शपथ समारोह की कड़ी में अब कल रविवार को भाजपा पार्षदों का शपथ समारोह आयोजित किया जाएगा। लेकिन नई नगर परिषद को अभी पुराने खड्डे भरने पड़ेंगे। यहाँ बात सिर्फ सड़क के खड्डों की नहीं हो रही है, जिसे जल्दी ही नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल सहित भाजपा के जिम्मेदार भरने का कह रहे है, बल्कि यहाँ बात उन खड्डों की भी हो रही है जिन्हें कोरोनाकाल में निरंकुश निगमायुक्त (पूर्व) सोमनाथ झरिया के समय खोदे गए थे। विगत परिषद के कार्यकाल समाप्त होने और कोरोना की वजह से नए परिषद का चुनाव नहीं हो पाने की वजह से पूर्व निगमायुक्त के नेतृत्व में उनका अधिकांश अमला निरंकुश होकर मनमानी कर रहा था। उनके कई पठ्ठे तो “चाय से ज्यादा गर्म केतली” की कहावत को सिद्ध करने पर नहा धोकर तैयार थे। सूत्रों की माने तो आने वाले समय में, बीते हुए कारनामों को लेकर कई खुलासे या धमाके हो सकते है। इन सब बातों की नाराजगी नगर निगम के चुनाव में भाजपा को झेलनी पड़ी थी। पिछली विधानसभा और महापौर के समय मिली जीत का अंतर इस बार काफी कम हो गया है। जो नगर विधायक चैतन्य कश्यप के लिए आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चिंता का विषय बन सकता है। निःसंदेह भाजपा जनता की इस नाराज़गी और अव्यवस्थाओं को लेकर सतर्क और सजग है और इससे निपटने के लिए तैयारियां कर रही होगी। देखना होगा कि कितने समय में और किस तरह मामला सुधारा जाएगा।

रतलाम निगमायुक्त अभिषेक गेहलोत

नवनियुक्त आयुक्त अभिषेक गेहलोत की प्राथमिकताएं

इस समय बदहाल और बदनाम नगर निगम की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर अभिषेक गेहलोत के कंधों पर दी गई है। जिन्होंने पूर्व में शहर एसडीएम की जिम्मेदारी अच्छे से निभाई है। न्यूज़ इंडिया 365 ने उनसे बात की और उनकी आगामी योजनाओं के बारे में जानने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि आगामी लक्ष्य में नगर निगम को डिजिटल करने पर हमारा फोकस रहेगा। स्वच्छता हमारी प्राथमिकता रहेगी। जहाँ पर कचरा गाड़ी नहीं पहुंच रही है या कुछ परेशानी आ रही है, वहाँ के रहवासियों की समस्या का तुरंत निराकरण किया जाएगा। राजीव गांधी सिविक सेंटर और सुभाष कॉम्प्लेक्स जैसे कुछ जगहों पर निगम के पास दुकानें पड़ी हुई है उसका भी तुरंत निराकरण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त अभिषेक गेहलोत ने कहा कि अभी मैं सभी अलग-अलग निगम के विभागों को देख रहा हूं, समझ रहा हूं और जहाँ पर जो भी परेशानी आ रही है उसे जल्दी से जल्दी निराकरण किया जाएगा। जो भी टेंडर हो चुके हैं यदि उस पर कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है तो उसे जल्दी शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ निगम कर्मचारियों की समय पर आने की आदत छूट चुकी थी जिसे धीरे से सुधारा जाएगा और जनता की सेवा के लिए निगम और उसके कर्मचारियों को प्रतिबद्ध किया जाएगा।

 


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…

https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|