News By – नीरज बरमेचा
नवनिर्वाचित नगर निगम अध्यक्ष मनीषा मनोज शर्मा का स्वागत
रतलाम 10 अगस्त 2022। नगर निगम अध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ पार्षद मनीषा मनोज शर्मा अध्यक्ष निर्वाचित हुई। चुनाव के बाद वे महापौर प्रहलाद पटेल सहित सभी भाजपा पार्षदगण रैली के रूप में विधायक चेतन्य काश्यप के जनसंपर्क कार्यालय पर पहुंचे। यहां से वे पैलेस रोड स्थित भाजपा कार्यालय गए। विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर नवनिर्वाचित निगम अध्यक्ष का विधायक काश्यप, महापौर एवं पर्यवेक्षक अनिल जैन कालूहेड़ा ने स्वागत किया।
विधायक चेतन्य काश्यप ने इस मौके पर कहा कि अध्यक्ष पद के लिए संगठन ने जो निर्णय लिया उस पर रतलाम में हमारे सभी पार्षद बंधुओं ने 100 प्रतिशत मोहर लगाई है। सबसे बड़ी बात यह थी कि किसी के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। राजनीति के क्षेत्र में हमारी इच्छा और महत्वाकांक्षा भी होती है लेकिन मर्यादा को भी रखना होता है। हमारी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा यह हो कि जनता के भरोसे पर खरा उतरे। एक साल बाद प्रदेश का चुनाव है। भाजपा ने इतने काम किए है कि आप उन्हे आमजन तक पहुंचाए। आपको सुबह 6 बजे से उठकर आमजन की चिंता करना है। छोटे-छोटे प्रलोभनों में न पडकर वार्ड में काम करने वाले कर्मचारी पर धीरे-धीरे नकेल कसे। पार्षदगण को कोई समस्या हो, तो महापौर जी को बताए, वे अधिकारी से चर्चा करेंगे।
महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि अब हमें मिशन 2023 के लिए काम करना है और हमारा लक्ष्य यहीं रहेगा कि पचास हजार की जीत से काम नहीं चलेगा, जनसंख्या के हिसाब से विधायक काश्यप को मध्यप्रदेश में सबसे अधिक वोटों से जीताना है। उन्होंने कहा कि वार्ड में किसी के यहां खुशी या गम हो, उसकी जानकारी सबको होना चाहिए। हम किसी की खुशी में भले ही शामिल नहीं हो लेकिन गम में हमें जरूर शामिल होना चाहिए। पार्षदगण को पर्यवेक्षक अनिल जैन कालूहेड़ा ने भी सम्बोधित किया। संचालन चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल ने किया। आभार जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय ने माना।

भाजपा कार्यालय में पितृपुरूषों को नमन
जिला मीडिया प्रभारी अरूण त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पार्षदगण के साथ मनीषा मनोज शर्मा पैलेस रोड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां उन्होंने पार्टी के पितृपुरूषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। शर्मा बाद में पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पर भी पहुंची और आशीर्वाद प्राप्त किया। कोठारी ने सबका मुंह मीठा करवाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। निर्वाचन से पूर्व रूद्र पैलेस में हुई बैठक में मनीषा मनोज शर्मा को अध्यक्ष प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा पर्यवेक्षक कालूहेड़ा ने की।

रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|




