चोरों के हौसले बुलंदी पर, परिवार की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर की वारदात…

0

News By – नीरज बरमेचा

  • दंपति को दरवाजा लगा कर किया बंद
  • मित्र निवास कॉलोनी में हुयी चोरी 

शहर में चोरों के हौसले बुलंद है। बदमाश एक के बाद एक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। बीती रात बदमाशों ने स्टेशन रोड थाना अंतर्गत मित्र निवास कॉलोनी में धावा बोल कर दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। विशेष बात यह है कि वारदात के दौरान परिवार घर में ही मौजूद था इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर घुसे। एक घर में तो बदमाशों ने दंपति को दरवाजा लगाकर बंद कर दिया।

चोरी की एक वारदात मित्र निवास कॉलोनी निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी सुनील सराफ के यहां हुई। सराफ ने जानकारी देते हुए बताया कि वे और उनकी पत्नी मकान की ऊपरी मंजिल के अपने रूम में सोए थे। रात लगभग 1:30 बजे उनकी नींद खुल गई थी, जिसके बाद वह पड़ोस वाले रूम में जाकर पेपर पढ़ने लग गए थे। रात 3:00 बजे तक उन्होंने पेपर पढ़ा और उसके बाद उसी रूम में सो गए। सुबह 4:00 बजे के लगभग अचानक उन्हें उनकी पत्नी की आवाज आई कि दरवाजा खोलो, दरवाजा क्यों बंद कर दिया। पत्नी की आवाज सुनकर सराफ जब रूम से बाहर निकलने लगे तब उन्हें पता चला कि उनका दरवाजा भी बाहर से बंद है। इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया और दरवाजे को जोर से धक्का देकर खोला। तब तक चोर भाग चुके थे।जब वे अपनी पत्नी के रूम में गए तो देखा कि पत्नी बाथरूम में है और बाहर से दरवाजा लगा हुआ है। उन्होंने दरवाजे खोलकर पत्नी को बाहर निकाला। सराफ ने बताया कि जब वह बाथरूम करने के लिए गई तब किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था। दंपति के अनुसार बदमाश उनकी अलमारी से 70 से 80 ग्राम सोने के आभूषण और कुछ नकदी चोरी कर ले गए हैं। सरार्फ के अनुसार बदमाश खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम दे गए। सूचना मिलने पर स्टेशन और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू की।

मित्र निवास कॉलोनी निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी जूलियस चाको के यहां भी बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम दे गए। चाको सरार्फ के पास में ही रहते हैं। चाको के यहां एक रूम में उनकी पत्नी और वह सोए हुए थे और दूसरे रूम में उनकी सासूजी सोई थी। बदमाश चाको की सासुजी की अलमारी से लगभग 30 हजार रुपए नगद और सोने की चूड़ियां और अंगूठी चोरी कर ले गए। जाते समय वे पर्स और दस्तावेज पहली मंजिल के बरामदे में फेंक गए। आज सुबह जब पहली मंजिल पर रहने वाले चाको के भाई जेम्स चाको उठे तो उन्हें बरामदे में सामान देखकर शक हुआ और उन्होंने ऊपरी मंजिल पर रहने वाले अपने भाई को फोन कर जगाया। जूलियस चाको जब उठे तो उन्होंने देखा कि उनकी अलमारियां खुली हुई है और घर में चोरी हो गई है।

चाको के अनुसार घर के नीचे रखी बाइक की सीट पर बदमाशों के पैर के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि उन्होंने बाइक पर चढ़कर पहली मंजिल में रहने वाले जेम्स चाको के घर के रोशनदान से घुसने का प्रयास किया । जब वहां असफल हो गए तो ऊपरी मंजिल पर आकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…

https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|