अंततः स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर धार जिले का बांध से पानी का बहाव शुरू हो गया, तेज़ गति से बहता पानी गाँवो से होता हुआ खरगोन जिले तक पहुँचा…

0

News By – विवेक चौधरी 

धार। रविवार 14 अगस्त 2020, विगत कुछ दिनों से धार जिले के कारम नदी पर बनाए जा रहे बाँध में रिसाव के बाद से ही स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद बाँध खाली करने का वो विकल्प नहीं मिल सका जिसे प्रशासनिक अमला चाह रहा था। अततः बाँध के एक कोने से पानी बहाने के लिए प्रबन्ध किया गया जो पानी के दबाव से और अधिक चौड़ा हो गया और भारी मात्रा में पानी बह निकला है। यद्धपि प्रशासन ने पहले से ही धार और खरगोन जिले के लगभग 15 गाँव खाली करा लिए थे। ग्रामवासियों को सुरक्षित जगहों पर पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा था। आगरा मुम्बई हाइवे बंद कर दिया गया है।

प्रदेश शासन के मंत्री एवं आला अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह हालात पर सतत जानकारी ले रहे है और मोनिटरिंग कर रहे है। क्षेत्र में विद्युत सप्लाई भी बंद कर दिया गया है और उम्मीद की जा रही है कि आगामी कुछ घंटों में पानी के बहाव की तीव्रता कम हो जाएगी। यदि आगामी दिनों भारी बारिश ना हो तो स्थिति सामान्य हो जाएगी। लेकिन भ्रष्टाचारियों की कारगुजारियों का भुगतान निर्दोष ग्रामीणों को करना पड़ रहा है। प्रशासन मुआवजे के घोषणा कर देगी, कुछ अन्य सुविधाएं दे देंगी लेकिन इन तीन दिनों ग्रामीणों को, अबोध बच्चों, बूढ़े बुजुर्गों एवं बीमारों को होने वाले कष्ट की भरपाई कैसे होगी यह बड़ा प्रश्न होगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके और वीडियो संदेश जारी करके स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री से उनका संपर्क लगातार बना हुआ है और वे लोग भी यथायोग्य सहायता कर रहे हैं। शिवराज सिंह ने ट्वीट के माध्यम से निम्न संदेश दिया है।

“मैं अपनी पूरी टीम के साथ अभी भी वल्लभ भवन के कंट्रोल रूम में बैठा हूं। सीएस, डीजीपी, एसीएस सहित पूरी टीम धार जिले के कारम बांध पर नजर रखे हुए है। जनता पूरी तरह से सुरक्षित रहे इसके लिए युद्ध स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। कल हमने बाईपास चैनल बनाकर पानी की निकासी प्रारंभ की थी। कल लगभग 10 क्यूमेक बहाव हो रहा था, उसे आज बढ़ाकर हम 35 क्यूमेक तक ले आए हैं। इसको और बढ़ाने के जो उपाय हो सकते हैं हम उन पर भी विचार कर रहे हैं।

जनता सुरक्षित स्थानों पर है, उनको सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है। दिल्ली से आए विशेषज्ञों के साथ ईएनसी, चीफ इंजीनियर, हमारे तीन मंत्री तुलसी सिलावट, राज्यवर्धन सिंह दत्तिगांव, डॉ प्रभुराम चौधरी भी वहां पर उपस्थित हैं। बाकी टीम भी फील्ड में है। चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन जब तक हम पूरा पानी नहीं निकाल देते, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।

संकट के समय आरोप-प्रत्यारोप की बजाय हमें राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर पहला ध्यान जनता की सुरक्षा पर देना चाहिए ताकि हम विश्वास का वातावरण निर्मित कर सकें। यह समय राजनीति करने का नहीं है। यह समय कैसे हम परिस्थितियों को नियंत्रित कर लोगों को सुरक्षित रखें, इसका है। मैं अपने उन भाई-बहनों का आभारी हूं जो प्रशासन की बात मान सुरक्षित स्थानों पर गए हैं। उन्हें घर से बाहर जाने में दिक्कतें होती हैं, लेकिन सभी पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमारी प्रतिबद्धता है कि जनता की जिंदगी की सुरक्षा और मवेशियों को कोई नुकसान ना पहुंचे और इसके लिए हम लगातार कोशिश कर रहे हैं। आप सब का पूर्ण सहयोग मिलेगा, यह मेरा विश्वास भी है और अपील भी है।

 


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…

https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|