News By – नीरज बरमेचा
पत्रकार दीप मिलन समारोह का आयोजन
रतलाम, 22 अक्टूबर। विधायक चेतन्य काश्यप ने रतलाम में नर्मदा का पानी लाने का संकल्प व्यक्त किया है। उनकी योजना है कि शहर के अमृत सागर तालाब में झील संरक्षण योजना के तहत सौन्दर्यीकरण कार्य के साथ-साथ जन सहयोग से भगवान शिव की विशालकाय प्रतिमा भी स्थापित हो। रतलाम के विकास को गति देने के लिए उन्होंने मीडिया जगत से सकारात्मक भूमिका का निर्वाह करने का आव्हान् करते हुए विभिन्न प्रकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शनिवार को पत्रकार दीप मिलन समारोह को संबोधित करते हुए काश्यप ने बताया कि नर्मदा का पानी रतलाम लाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को पत्र लिखा है। बदनावर तक पाईपलाईन से पानी लाने की योजना बन चुकी है, जिसे रतलाम तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। इससे रतलाम में आगामी 30 वर्षों तक की पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। नर्मदा का पानी पेटलावद तक भी लाने की योजना बनी है, जिसे धोलावाड़ तक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा शहर में जलापूर्ति सुचारू करने के लिए ‘अमृत-2’ योजना के तहत 60 करोड़ की योजना भी बन चुकी है। इससे हर घर को पानी दिया जा सकेगा।

काश्यप ने कहा कि अमृत सागर का 22 करोड़ की योजना से कायाकल्प शुरू हो गया है। ग्रीष्मकाल में जल स्तर कम होने पर तालाब की सतह का आंकलन कर विशालकाय शिव प्रतिमा स्थापित करने की योजना है, जिससे यह परिसर पर्यटन के साथ-साथ दर्शनीय बनेगा। रतलाम के विकास के लिए विशेष निवेश क्षेत्र का विकास जरूरी है। अगले साल दिसंबर अंत तक 8 लेन एक्सप्रेस-वे आरंभ हो जाएगा, तब यहां उद्योगपतियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। निवेश क्षेत्र सहित विकास के सभी प्रकल्पों में मीडिया को सकारात्मक रूख दिखाना होगा।
काश्यप ने कहा कि हाल ही में रतलाम के लिए 3 बड़ी सौगातें सेजावता बायपास का फोरलेन, करमदी रोड़ पर फोरलेन और गोल्ड कॉम्प्लेक्स की निविदा स्वीकृति के रूप में मिली है। गोल्ड कॉम्प्लेक्स की निविदा में 95 करोड़ के विरूद्ध 136 करोड़ का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। जिससे शासन को 40 करोड़ का लाभ होगा। वे रतलाम के विकास के लिए इस अतिरिक्त राशि को भी लाने का प्रयास करेगे।
काश्यप ने मेडिकल कॉलेज में अस्पताल के साथ कार्डियक सर्जरी की सुविधा हेतु मुख्यमंत्री से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के 3000 परिवारों को आवास मिल चुके है और 3000 परिवारों को आगामी वर्षों में मिल जाएगे। अवैध और अविकसित कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया चल रही है। सड़कों की मरम्मत का कार्य भी जल्द आरंभ होगा। महलवाड़ा के सौन्दर्यीकरण हेतु 70 लाख की निविदा स्वीकृत की गई है। जिला अस्पताल में नया भवन बनने वाला है और कुपोषण को पूर्णरूप से समाप्त कर रतलाम को विश्वपटल पर नई पहचान देने के प्रयास भी जारी है। काश्यप ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब भी दिए।

रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



