News By – विवेक चौधरी
रतलाम, शुक्रवार 11 नवंबर 2022। जिले के आलोट तहसील में स्थानीय कॉंग्रेस विधायक द्वारा गोदाम का शटर उठाकर खाद लुटवाने का मामला अब तूल पकड़ते जा रहा है। शुक्रवार को इसी घटनाक्रम के चलते हुए एक पोलिटिकल ड्रामे में छह कांग्रेसी विधायक, जिनमें झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया, राऊ विधायक जीतू पटवारी, सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोतल, कालापीपल विधायक कुणाल चौधरी, थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया, पेटलावद विधायक वालसिंह मईड़ा के साथ स्थानीय कांग्रेस नेतागण जिला कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को ज्ञापन देने पहुँचे। ज्ञापन लेने एसडीएम संजीव केशव पांडे के आने पर कांग्रेस नेतागण ज्ञापन के लिए कलेक्टर को बुलाने की मांग करने लगे। देर हो जाने पर विधायक कुणाल चौधरी, हर्ष गेहलोत एवं शहर काँग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया कलेक्टर से मिलने और ज्ञापन लेने हेतु बाहर बुलाने के लिए कलेक्टर के चैम्बर में गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मामला सड़क पर बात करने का नहीं है अतः चैम्बर में बैठकर बात करते है। इस पर मामला बिगड़ गया और विपक्षी विधायक नाराज़ हो गए। जीतू पटवारी और कांतिलाल भूरिया की कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी से बहस हो गई। कलेक्टर भी दृढ़ता से अपना पक्ष रखते रहें। पोलिटिकल ड्रामे के बाद जीतू पटवारी ने कलेक्टर सूर्यवंशी को विधानसभा में बुलाने की धमकी दी और सभी विधायक और काँग्रेस नेतागण बिना ज्ञापन दिए लौट गए। कलेक्टर ने अपना पक्ष रखते हुए बैठकर बात करने, तथ्यों पर चर्चा करने की बात कही। तथा किसानों के लिए पर्याप्त खाद होने की बात बताई।

खाद लुटवाने का था मामला…
हुआ यूँ कि प्रदेश में यूरिया खाद की कमी को लेकर मारामारी चल रही है। जिले के आलोट में खाद वितरण केंद्र पर सर्वर डाउन होने से वितरण बाधित हो गया था। जिसके बाद हुए घटनाक्रम में यह आरोप लगाया गया कि स्थानीय कांग्रेस विधायक मनोज चावला अपने साथियों के साथ वहाँ पहुंचे और गोदाम का शटर खुलवाया तथा किसानों से खाद ले जाने को कह दिया। घटना की खबर फैलने और जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और कार्यवाही की। घटना के बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी आलोट पहुंचे। मामले की जानकारी ली और देर रात गोदाम प्रभारी भगतराम की शिकायत पर आलोट विधायक मनोज चावला एवं स्थानीय कांग्रेस नेता योगेंद्रसिंह जादौन सहित अन्य पर लूट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया गया है। घटना के चलते स्थानीय एडीएम एवं स्थानीय थाना प्रभारी पर भी गाज गिरी और उनको वहाँ से हटा दिया गया।
खाद की किल्लत के चलते आरोप लगाया गया कि आलोट विधायक मनोज चावला ने खाद गोदाम का शटर खुलवाकर किसानों को खाद की बोरियां ले जाने के लिए कहा, जिस पर किसान खाद लेकर चले गए। स्टॉक मिलाने पर बोरियां कम पाई गई। जबकि प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक पक्ष का कहना है कि किसानों ने बोरियां उठाकर बाहर रखी थी और मैन्युअल वितरण प्रारम्भ करवाया गया। लूट जैसी कोई बात नहीं है।
प्रशासन ने रखा अपना पक्ष
घटनाक्रम के पश्चात जिला प्रशासन ने भी अपना पक्ष रखते हुए बताया कि रतलाम जिले में उर्वरकों के वितरण की सुचारू व्यवस्था के तहत शुक्रवार को 361.845 मेट्रिक टन यूरिया 1070 किसानों को वितरित किया गया।
कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि रतलाम जिले में शुक्रवार शाम की स्थिति में 3967 मेट्रिक टन यूरिया का स्टॉक उपलब्ध है। इसके अलावा डीएपी 5166 मेट्रिक टन, सिंगल सुपर फास्फेट 5731 मेट्रिक टन, एनपीके 3184 मेट्रिक टन मात्रा उपलब्ध है। जिले में 102 सहकारी संस्थाओं 5 डबल लॉक केंद्रों एमपी एग्रो केंद्र तथा एक मार्केटिंग फेडरेशन केंद्र से उर्वरकों का वितरण किसानों को किया जा रहा है
उपसंचालक कृषि द्वारा बताया गया कि नर्मदा बायोकेम की एक रेलवे रेक रतलाम जिले को शुक्रवार को प्राप्त हुई जिसमें 14 से मेट्रिक टन यूरिया प्राप्त हुआ। इसके अलावा एनएफएल की एक रेक़ एक या दो दिनों में लगने वाली है।

रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



