News By – विवेक चौधरी
रतलाम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित उज्जैन के महाकाल लोक की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ रही है। आसपास एवं बाहर से बढ़ी संख्या में लोग इसे देखने उज्जैन आ रहे है। जिसके चलते उज्जैन से नई ट्रेनों का चलाने और उज्जैन में नए रेल्वे स्टेशन बनाए जाने के सुझाव सामने आए है। यद्धपि उज्जैन स्टेशन से महाकाल क्षेत्र तक रोपवे भी अलग से प्रस्तावित है। शुक्रवार को पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल कार्यालय में मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया जिसमें इस तरह के सुझाव सामने आए है। इस बैठक में मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के कुल 17 में से 10 सदस्य एवं क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के 01 सदस्य उपस्थित हुए। 01 जनवरी 22 से 31 दिसम्बर 23 तक के लिए गठित मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की प्रथम बैठक का आयोजन शुक्रवार 09 दिसम्बर, 2022 को मंडल कार्यालय रतलाम के समिति कक्ष में किया गया। हालांकि समिति के लगभग एक वर्ष पूर्ण हो जाने के बाद बैठक का आयोजन समझ से परे है। जबकि इस प्रकार की बैठकों का आयोजन नियमित समय अंतराल पर होना चाहिए। क्योंकि समिति का कार्यकाल अब तक आधा बीत चुका है। बड़ा प्रश्न यह है कि क्या इस प्रकार की बैठकें मात्र खानापूर्ति के लिए होती है क्या?

बैठक के प्रारंभ में मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस.के. मीना द्वारा मंडल रेल उपभोक्ता सलाकार समिति एवं क्षेत्रीय रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों का स्वागत किया गया, जिसके उपरान्त सभी अधिकारियों एवं सदस्यों ने अपना परिचय दिया। अध्यक्ष मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति एवं मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रजनीश कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति का का गठन का मुख्य उद्देश्य रेलवे एवं उपभोक्ताओं के बीच एक कड़ी का काम करना है। आज प्रथम बैठक का आयोजन किया जा रहा है तथा आपको आश्वस्त करते हैं कि जो भी सुझाव आपके द्वारा दिया जाएगा उस पर सकारात्मक कार्यवाही कर आपको सूचित किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक के स्वागत उद्बोधन के उपरांत रतलाम मंडल द्वारा मंडल की उपलब्धियों को पावर पाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
प्रेजेंटेशन के उपरांत मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा अपने अपने सुझाव एवं परामर्श दिए गए। जिसमें ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ने के कारण स्टेशनों पर खानपान स्टॉल तथा पीने के पानी की सुविधा बढ़ाने, जावरा स्टेशन पर एक नया फुट ओवर ब्रिज बनाने, नामली स्टेशन पर गाड़ी संख्या 14802 के लिए टिकट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जावरा स्टेशन पर बुकिंग एवं आरक्षण के लिए अलग-अलग स्टाफ लगाने, कचनारा स्टेशन पर डेमू का ठहराव पुन: आरंभ करने, दलौदा स्टेशन पर इंदौर उदयपुर सिटी का ठहराव देने, रतलाम ग्वालियर एक्सप्रेस को नीमच तक विस्तार करने, उज्जैन स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक 7 एवं 8 को चालू करने, उज्जैन से वाया फतेहाबाद नई दिल्ली के नई ट्रेन चलाने, महाकाल लोक में भीड़ को देखते हुए उज्जैन से नई ट्रेनों का आरंभ करने, उज्जैन स्टेशन के पास एक नया स्टेशन आरंभ करने ताकि महाकाल लोक जाने वालों को उज्जैन स्टेशन नहीं उतरना पड़े, फ्रीगंज की ओर प्रस्तावित ओवरब्रिज बनाने की कार्यवाई पूरी करने, उज्जैन में प्रस्तावित ट्रेनिंग सेंटर निर्माण हेतु कार्य को शीघ्रता से करने, पार्सल बुकिंग के दौरान इंश्यूरेंस की सुविधा का शुभारंभ करने, मक्सी के पास एक नया अंडरब्रिज बनाने, इंदौर मुम्बई सेंट्रल एक्सप्रेस को प्रतिदिन करने, इंदौर पुणे के मध्य एक नई ट्रेन चलाने, इंदौर जयपुर एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने, डॉ. अम्बेडकर नगर इंटरसिटी का राजेन्द्र नगर स्टेशन पर ठहराव देने, वलसाड़ इंटरसिटी को दाहोद तक बढ़ाने, बान्द्रा टर्मिनस अजमेर एक्सप्रेस का दाहोद स्टेशन पर ठहराव देने, दाहोद में गोदी रोड की ओर टिकट विंडो पुन: चालू करने, दाहोद स्टेशन पर ट्रेन डिस्प्ले स्क्रीन लगाने, दाहोद आनंद मेमू को एक नम्बर प्लेटफार्म से चालू करने, रतलाम में मालगोदाम का अप्रेाच रोड ठीक करने, पालिताना के लिए ट्रेने के फेरे बढ़ाने, वरिष्ठ नागरिकों हेतु रियायत की सुविधा पुन: आरंभ करने, तत्काल टिकल के लिए टोकन सुविधा आरंभ करने, दाहोद स्टेशन पर एक नए प्लेटफार्म निर्माण का कार्य शुरू करने, दाहोद जामनगर के मध्य नई इंटरसिटी ट्रेन की सुविधा आरंभ करने, दाहोद आनंद मेमू को पुन: चालू करने, दाहोद में दो पहिया वाहन पार्किंग को चालू करने के साथ ही साथ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई ।

बैठक में मनोज किकलावाला को सर्वसम्मति से क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहाकर समिति सदस्य हेतु उपस्थित सदस्यों द्वारा चुना गया। डीआरएम रजनीश कुमार द्वारा सभी सदस्यों को आश्वस्त किया गया कि आपके सुझावों पर विचार कर तथा उचित निर्णय लेकर आपको सूचित किया जाएगा। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी खेमराज मीना ने बताया कि बैठक में यशपाल सिंह सिसौदिया विधायक मंदसौर, वरूण पोरवाल, मनोज किकलावाला, अभय कुमार मूणत, अतीत अग्रवाल, प्रमोद डफरिया, योगेन्द्र कौशिक, बृजेश खंडेलवाल, सौरभ छाजेड़, खोजेमा खंडवावाला एवं प्रकाश द्विवेदी सदस्य क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति शामिल हुए। तथा रेलवे की ओर से अध्यक्ष मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति एवं मंडल रेल प्रबंधक रतलाम रजनीश कुमार, सचिव मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस.के.मीना के अतिरिक्त वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (योजना), वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (पावर), वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त उपस्थित रहे।
रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



