News By – विवेक चौधरी
रतलाम, शनिवार 17 दिसम्बर2022। रतलाम शहर का इतिहास बताता है कि जब जब शहर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई गई है तो वह दो चार दिन के लिए होकर शहर के बाहरी हिस्से पर केंद्रित रहती है। मुख्य बाजार में कोई आता नहीं अथवा एक या दो दिन बाद फिर पुराने ढर्रे पर सब चलने लगता है। सड़क जब चौड़ी हुई अथवा फोरलेन बनी तब थोड़ा बहुत काम दिखा अन्यथा शहर के बाहरी क्षेत्र वाले निवासी दुकानदार हमेशा शिकायत करते थे कि मुख्य बाजार का अतिक्रमण किसी को दिखता नहीं है या वहाँ मुहिम चलाने के लिए अधिकारियों में हिम्मत नहीं है। लेकिन इस बार रतलाम कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी शहर के मुख्य बाजार के अतिक्रमण को लेकर कुछ अलग ही मूड में नज़र आ रहे है। वो दबंगता के साथ और लगातार शहर के मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की कोशिश में लगे है। कल रात उन्होंने व्यवस्था सुधार हेतु शहर के बाजारों का निरीक्षण किया। हर बार की तरह इस बार भी उन्होंने विभिन्न विभागों के मुखियाओं को अपने साथ रखा ताकि मौके पर ही निर्णय हो सके।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के साथ पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, निगमायुक्त हिमांशु भट्ट, अधीक्षण यंत्री विद्युत सुरेश वर्मा, सीएसपी हेमंत चौहान, निगम के कार्यपालन यंत्री जी के जायसवाल भी भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान कलेक्टर ने माणक चौक, भुट्टा बाजार, घास बाजार, मिर्ची गली, रंगरेज रोड, चोमखीपुल, त्रिपोलिया गेट, सायर चबूतरा क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए अतिक्रमण का जायजा लिया। कलेक्टर ने मुख्य बाजारों में दुकानदारों को अपने अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों द्वारा अपनी दुकानों के आगे ओटले पेड़िया बनाकर अतिक्रमण कर लिया है उनके अतिक्रमण तोड़े जाएंगे। माणक चौक सब्जी मंडी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सब्जी मंडी की भूमि पर पार्किंग के साथ मल्टी स्टोरी बनवाई जाएगी। कलेक्टर ने त्रिपोलिया गेट पर विद्युत पोल हटाने के निर्देश अधीक्षण यंत्री विद्युत को दिए। 1 सप्ताह में ये पोल हटा दिए जाएंगे। कलेक्टर ने निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बगैर दबाव के बिना किसी भेदभाव के अतिक्रमण हटाने का कार्य करें। जो निर्देश दिए गए हैं उनका शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। आशा है कि यह मुहिम इसी तरह जारी रहेगी और शहर जल्द ही अतिक्रमण मुक्त बनेगा।


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…
https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t
न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|



