बदहाल और लाचार रतलाम की यातायात व्यवस्था ने कुछ दिनों में ले ली दो व्यक्तियो की जान…

0

News By – नीरज बरमेचा & विवेक चौधरी 

रतलाम के बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था ने एक और बलि ले ली। नगर के युवा प्रतिभाशाली माधव सक्सेना का आज अंतिम संस्कार किया गया। कल इंदौर से उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज लाया गया था। 10 फरवरी की शाम को गायत्री टॉकीज रोड पर शाम 07:30 बजे तेज़ गति से आ रही वैन से टक्कर लगने पर घायल हो गए थे। स्वर्गीय माधव अपने बेटे को ट्यूशन से लेकर घर जा रहे थे और दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। इंदौर बॉम्बे हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया था।

विगत दिनों शहर के दो सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था के शिकार बने। पिछले दिनों शहर के मध्य एक और दुर्घटना व्यस्ततम मार्ग न्यू क्लॉथ मार्केट पर घटित हुई थी जिसमें एक रेलवे अधिकारी के वाहन की छोटी सी लापरवाही की वजह से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। स्वर्गीय विजय घोटा भी दुर्घनाग्रस्त होने के बाद ब्रेन डेड घोषित कर दिए गए थे। इसके अतिरिक्त आए दिन छोटी मोटी दुर्घटनाएं होना आम बात है। तेज़ गति से दो पहिया वाहन दौड़ाते युवा, तेज़ आवाज़ वाले हॉर्न, बिना साइलेंसर वाली बाइक देखी जा सकती है। गली मोहल्लों में तेज गति से चलती स्कूल बसें भी एक बड़ी समस्या है। शहर की यातायात व्यवस्था को पहली फुरसत में दुरुस्त किया जाना अत्यावश्यक है। अन्यथा शहर में ना जाने कितनी असामयिक मौतें होते रहेंगी।