
★ भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से यात्रा करने का सुनहरा अवसर
★ 11 दिन और 10 रात की होगी यात्रा
★ 5 से 15 अप्रैल की यात्रा लखनऊ से होगी प्रारम्भ
News By – विवेक चौधरी
रतलाम। भारतीय रेल इस बार बैशाखी पर्व पर भारत गौरव पर्यटक ट्रैन से प्रसिद्ध सिख तीर्थस्थलों की गुरु कृपा यात्रा करने का सुनहरा अवसर लाया है। इस यात्रा को विभिन्न गुरुद्वारों, सिख गुरुओं और विभिन्न सिख समाजों के
साथ विचार-विमर्श के बाद विशेष रूप से तैयार किया गया है। 11 दिन/10 रातों की यह यात्रा, 5 अप्रैल, 2023 को लखनऊ से शुरू होगी और 15 अप्रैल, 2023 को समाप्त होगी।
यात्री आनंदपुर साहिब में श्री केसगढ़ साहिब गुरुद्वारा और विरासत-ए-खालसा, कीरतपुर साहिब में गुरुद्वारा श्री पातालपुरी साहिब, सरहिंद में गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब, अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब और श्री हरिमंदिर साहिब, बठिंडा में श्री दमदमा साहिब, नांदेड़ में तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, बीदर में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक झीरा साहिब और पटना में गुरुद्वारा तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, जैसे सिख स्थानों की यात्रा कर सकते हैं इस स्पेशल ट्रेन में 678 श्रद्धालु सफर कर सकते हैं
● अप्रैल माह में, जो बैसाखी का भी महीना है, अपनी विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के साथ गुरु कृपा यात्रा का संचालन आईआरसीटीसी द्वारा किया जाएगा।
● इस ट्रेन में 9 स्लीपर क्लास कोच, 1 एसी-3 टियर और 1 एसी-2 टियर कोच, 1 पेंट्री कार, 2 जेनरेटर कोच होंगे।
● आईआरसीटीसी तीन श्रेणियों में टूर पैकेज की पेशकश कर रहा है: मानक,उच्च और आरामदायक।
● यात्री लखनऊ, सीतापुर, पीलीभीत और बरेली में चढ़/उतर सकते हैं।
● टूर पैकेज की कीमत 19,999 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होती है।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसम्पर्क विभाग ने बताया कि रेल मंत्रालय भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को बढ़ावा दे रहा है, जिनका इस महान राष्ट्र की सांस्कृतिक भव्यता को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न प्रसिद्ध थीम-आधारित यात्रा-मार्गों पर रेलवे द्वारा संचालन किया जा रहा है। इस टूर पैकेज में यात्रा अनिवार्य रूप से आरामदायक एवं सुविधाजनक हो इस बात को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किए गए विशेष कोच, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, गुणवत्ता वाले होटलों में आवास, सड़क द्वारा आवागमन की सुविधा और आरामदायक वाहनों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा, टूर एस्कॉर्ट्स सेवा, यात्रा बीमा और ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग, आदि की व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण गुरुद्वारों के लंगर में भाग लेने की सुविधा का आयोजन किया जाएगा।
आईआरसीटीसी ने ट्रेन में यात्रियों की संख्या को अधिकतम करने को ध्यान में रखते हुए यात्रा की आकर्षक कीमत तय की है। भारतीय रेलवे इस आध्यात्मिक यात्रा पर शिष्य-परम्परा और धार्मिकता के मार्ग पर चलने हेतु सिख धर्म के अनुयायियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इच्छुक व्यक्ति यात्रा की विस्तृत जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर देख सकते हैं।


