भाजपा का महासंपर्क अभियान
रतलाम, 21 जून 2023। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित महासंपर्क अभियान का घर-घर दस्तक देकर विधायक चेतन्य काश्यप ने डालूमोदी बाजार चौराहे से शुभारंभ किया। उन्होंने आमजन से मुलाकात कर केंद्र के साथ प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। बाद में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में फिर भाजपा सरकार बनाने का आव्हान किया।

विधायक काश्यप का महासंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत सत्कार किया। काश्यप ने व्यवसायिक क्षेत्र के साथ घरों में पहुंचकर आमजन से चर्चा की और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 9 वर्षों के दौरान हुए ऐतिहासिक कार्यों का संदेश सब तक पहुंचाया। महासंपर्क अभियान गणेश देवरी पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गया। यहां काश्यप ने आमजन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी जी के 9 वर्ष के कार्यकाल में हुए कार्यों पर प्रकाश डाला। सभा का संचालन मंडल महामंत्री नंदकिशोर पंवार ने किया। आभार जयवंत कोठारी ने माना।



