राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी गोली मार कर हत्या की, समर्थकों में फैला आक्रोश…

0

News by – विवेक चौधरी

जयपुर। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी की जयपुर स्थित उनके आवास पर तीन बदमाशों ने गोली मार कर हत्या की। बताया जा रहा है कि बदमाश उनसे समाज के किसी काम में सहयोग का बहाना बनाकर मिलने आये थे और इस जघन्य घटना को अंजाम दे दिया। घटना के समय नवीन शेखावत नामक व्यक्ति हमलावरों को गोगामेड़ी से मिलवाने लाया था। हमलावरों ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के साथ साथ नवीन की भी हत्या कर दी है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है जो कि दिल दहला देने वाली है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर इस प्रकार की घटना चिंता का विषय है। अभी तो नई सरकार का गठन भी नहीं हुआ है। शायद हमलावर इसी मौके की तलाश में रहें होंगे। घटना से पुलिस व्यवस्था पर उंगलियाँ उठनी लगी है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व ही राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी ने अपनी सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस को आवेदन दिया था। उन्हें लॉरेन्स बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने की बात बताई गई थी।

सूत्रों के अनुसार हत्यारे स्कोर्पियो गाड़ी से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर पहुँचे थे और हत्या का अंजाम देकर भाग निकले। बताया यह भी जा रहा है कि गोगामेड़ी के गनर ने हत्यारों पर गोली चलाई तो वो स्कोर्पियो छोड़कर रास्ते में किसी की स्कूटी लेकर भागने में कामयाब रहें। गोगामेड़ी की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है और राजस्थान की राजनीति में राजपूत समाज बड़ा स्थान रखता है। गोगामेड़ी की हत्या के बाद वहाँ राजनैतिक आरोप प्रत्यारोप की राजनीति प्रारम्भ हो गई है।

करणी सेना अध्यक्ष सूरजपाल अमु द्वारा हनुमान बेनीवाल और अशोक गहलोत का नाम लेकर उनका गैंगस्टरों से कनेक्शन और प्रशय देने का गंभीर आरोप लगाया है।।वहीं राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने ट्वीट कर लिखा है कि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेडी जी की जयपुर में गोली कांड में हुई हत्या अत्यधिक दुखद है। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में पनपे माफिया गैंग के कारण हुई यह जघन्य घटना स्वीकार्य नहीं है। पुलिस प्रशासन से आग्रह है कि हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी करें। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा है कि राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी जी का जीवन समाज के कमजोर वर्ग की सेवा के लिए समर्पित रहा है। ऐसे व्यक्तित्व का असमय जाना अत्यंत दुखद है। अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई हो, ऐसे अराजक तत्व किसी भी कीमत पर बचने नहीं चाहिए। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ।