[insta-gallery id="0"]
होम Highlights ऑनलाइन टास्क/प्रोडक्ट लाइक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

ऑनलाइन टास्क/प्रोडक्ट लाइक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

0
प्रतीकात्मक तस्वीर

//रतलाम पुलिस की साइबर कार्रवाई — ऑनलाइन टास्क/प्रोडक्ट लाइक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 02 आरोपी गिरफ्तार//

रतलाम |  पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत रतलाम पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। साइबर सेल एवं थाना माणकचौक की संयुक्त टीम द्वारा ऑनलाइन टास्क/कमिशन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रकरण में फरियादिया द्वारा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर तत्काल ई-एफआईआर दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया। फरियादिया के विधिवत कथन लिए गए, जिसमें उसने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक भेजा गया, जिसे खोलने पर उसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रोडक्ट “लाइक” कर कमीशन कमाने का लालच दिया गया।
आरोपियों द्वारा फरियादिया को एक फर्जी एप “Promotion Pioneers-1” डाउनलोड कराकर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे जमा करवाने को कहा गया। प्रारंभ में कम राशि डालने पर अधिक राशि वापस देकर भरोसा कायम किया गया, जिससे फरियादिया उनके झांसे में आ गई। इसके बाद लगातार अधिक राशि के टास्क दिए गए और अलग-अलग क्यूआर कोड के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई गई। जब फरियादिया ने अधिक रकम जमा कर दी तो आरोपियों द्वारा विभिन्न बहानों से और अधिक पैसे की मांग की गई तथा पैसे वापस करने से इंकार कर दिया गया।
इस प्रकार आरोपियों द्वारा फरियादिया से कुल ₹1,24,100/- की ऑनलाइन ठगी की गई।

पुलिस कार्यवाही – प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सायबर सेल व थाना माणकचौक की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शंस एवं डिजिटल ट्रेल का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर टीम द्वारा आरोपी करण कुशवाह एवं दीपक कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा कमीशन के लालच में आरोपियों को अपना बैंक अकाउंट (म्यूल अकाउंट ) खुलवाकर दिया था। आरोपी दीपू कुशवाह द्वारा करण का बैंक अकाउंट कमीशन का लालच देकर खुलवाया था। आगे की लिंक के बारे में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी–
1.करन पिता अमरसिंह कुशवाह निवासी ग्राम करहिया ज़िला ग्वालियर
2.दीपू पिता रायसिंह कुशवाह निवासी डबरा ज़िला ग्वालियर

फरार आरोपी– रिंकेश पिता गजराज निवासी ग्राम अमरोला चिनौल ज़िला ग्वालियर

सराहनीय भूमिका – इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राकेश मेहरा, उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रआर 174 रवींद्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, आरक्षक मोरसिंह एवं आरक्षक राहुल पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम पुलिस की अपील– रतलाम पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन टास्क, पार्ट-टाइम जॉब, प्रोडक्ट लाइक या निवेश के नाम पर मिलने वाले अनजान लिंक एवं क्यूआर कोड से सावधान रहें। किसी भी लालच में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

कोई टिप्पणी नहीं है

कोई जवाब दें

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!