हाई-टेक पुलिसिंग की ओर रतलाम पुलिस का एक और कदम — ‘ई-विवेचना’ टैबलेट से होगी डिजिटल जांच, 320 अनुसंधानकर्ताओं को वितरित किए जा रहे टैबलेट

0
AI image

रतलाम | दिनांक 30/05/2026 पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के मार्गदर्शन में रतलाम पुलिस द्वारा विवेचना कार्य को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ लगभग 320 अनुसंधानकर्ताओं (Investigating Officers) को ‘ई-विवेचना’ (E-Vivechna) टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं, जिससे आपराधिक प्रकरणों की जांच प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप प्रदान किया जा सके।

ई-विवेचना एप क्या है–
‘ई-विवेचना’ पुलिस विभाग का एक अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य आपराधिक प्रकरणों की विवेचना को तेज, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाना है। इस एप्लीकेशन के माध्यम से विवेचना अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर ही आवश्यक जांच कार्यवाही को डिजिटल रूप से संपादित कर सकते हैं।

घटनास्थल से ही केस डायरी, नक्शा मौका, गिरफ्तारी पत्रक, जप्ती कार्यवाही, अभियुक्त सूचना पत्र, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, एमएलसी एवं मर्ग जांच पत्रक सहित अन्य दस्तावेज तैयार कर सीधे सिस्टम में अपलोड किए जा सकते हैं।

रियल टाइम विवेचना की सुविधा– ई-विवेचना टैबलेट के माध्यम से अनुसंधानकर्ता घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो एवं अन्य डिजिटल साक्ष्य संकलित कर सकते हैं। गवाहों के कथन, घटनास्थल का निरीक्षण एवं अन्य आवश्यक जानकारी तत्काल दर्ज कर सीधे मुख्य सर्वर पर अपलोड की जा सकती है।

इससे जांच की गति बढ़ने के साथ-साथ साक्ष्यों के संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण में भी गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।

सीसीटीएनएस से सीधा जुड़ाव–
ई-विवेचना एप सीधे Crime and Criminal Tracking Network & Systems (CCTNS) से एकीकृत है। इसके माध्यम से विवेचना के दौरान तैयार की गई समस्त जानकारी सीधे सीसीटीएनएस पोर्टल पर उपलब्ध हो जाती है, जिससे वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रकरणों की मॉनिटरिंग एवं समीक्षा अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है।

मल्टी-एप्लीकेशन सुविधा–
वितरित किए जा रहे टैबलेट में ई-विवेचना के अतिरिक्त पुलिस विभाग की अन्य महत्वपूर्ण एप्लीकेशन जैसे ई-रक्षक एवं ई-साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।

ई-रक्षक एप के माध्यम से अपराधियों का डेटा बेस एवं आपराधिक रिकॉर्ड देखा जा सकता है, जबकि ई-साक्ष्य एप डिजिटल साक्ष्यों के संकलन एवं प्रबंधन में उपयोगी सिद्ध होगी।

रतलाम जिले में पहले से मिल रहे हैं सकारात्मक परिणाम–
रतलाम जिले में पुलिस मुख्यालय द्वारा पूर्व में 25 ई-विवेचना टैबलेट उपलब्ध कराए गए थे। इन टैबलेट्स के माध्यम से अब तक 9000 से अधिक डिजिटल विवेचना संबंधी कार्यवाहियां सफलतापूर्वक संपादित की जा चुकी हैं।
इनमें—
▪️ 7002 केस डायरी
▪️ 272 अपराध विवरण फार्म
▪️ 379 गिरफ्तारी पत्रक
▪️ 635 अभियुक्त सूचना पत्र
▪️ 532 प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियां
▪️ 464 एमएलसी प्रविष्टियां
▪️ 03 मर्ग जांच पत्रक
डिजिटल माध्यम से तैयार एवं अपलोड किए जा चुके हैं।

आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। ई-विवेचना प्रणाली के माध्यम से अनुसंधानकर्ता घटनास्थल पर ही आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर सकेंगे, जिससे कागजी कार्यवाही में कमी आएगी तथा जांच अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी होगी।

रतलाम पुलिस तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नवीन तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है।

कोई जवाब दें

Please enter your comment!
Please enter your name here