रतलाम में आधार की समस्या का कब होंगा समाधान, आम जनता परेशान

0
Photo By - राकेश पोरवाल

News  By  – विवेक चौधरी & नीरज बरमेचा 

  • आधार के लिए घंटो लाइन में परेशान होते शहरवासी
  • आधे से ज्यादा सेंटर बंद है
  • अधिकतर बैंको में भी बंद पड़ी है आधार मशीने     
  • लम्बे समय से चल रही है आधार को लेकर परेशानी 

रतलाम। जहाँ एक तरफ लगभग सभी शासकीय योजनाओं के लिए आधार कार्ड का होना आवश्यक हो गया है, वहीं दूसरी ओर नए आधार कार्ड बनाने तथा पुराने आधार कार्ड में सुधार करवाने के कार्य में भारी परेशानी आ रही है। नागरिक सुविधा के लिए बनाए जा रहे इस आधार कार्ड को बनवाने के लिए स्वयं नागरिक परेशान हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर प्रशासन आंख मूंदे निश्चिंत बैठा हुआ है। शुरूआती शिकायतों एवं परेशानियों के बाद आधार कार्ड बनाने एवं इसमें सुधार करवाने के लिए पोस्ट ऑफिस, कुछ बैंक्स एवं चिन्हित स्थानों का निर्धारण हुआ था। यदि आप आज वहां जाएंगे तो आपको 5 से 7 दिनों का वेटिंग मिल जाए तो कोई बड़ी आश्चर्य की बात नहीं है। वहीं कुछ केंद्रों पर यह बताया जा रहा है कि आधार कार्ड बनाने का कार्य करने में कर्मचारियों की कोई रूचि ही नहीं है। ऐसा नहीं है कि इन बातों की जानकारी प्रशासन तक नहीं पहुंची हो लेकिन प्रदेश की बदली हुई सरकार के साथ में तालमेल बिठाते अधिकारियों की प्राथमिकता संभवतः आधार कार्ड की समस्या का समाधान नहीं है। शहर एवं जिले के नागरिक और कब तक परेशान होते रहेंगे यह कह पाना मुश्किल होता जा रहा है। प्रशासन को इस संदर्भ में तुरंत ध्यान देकर आधार कार्ड बनवाने के लिए तुरंत व्यवस्था को चाक-चौबंद करना चाहिए।

वर्तमान शहर एसडीएम राहुल धोटे की अनुपस्थिति में जगह इसका दायित्व संभाल रहे उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे से इस संदर्भ में जब जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी में यह मामला अभी आया है। वे इसकी विस्तृत जानकारी निकालकर शीघ्रातिशीघ्र समस्या के निराकरण की व्यवस्था बनाएंगे।