बाजना फोरलेन रोड पर राजनीति गरमाई, पारस सकलेचा और हर्षविजय गेहलोत ने शहर विधायक पर लगाये गंभीर आरोप

0

News By – विवेक चौधरी (रतलाम ब्यूरों प्रमुख)

(www.newsindia365.com) रतलाम के कांग्रेस के नेता पारस सकलेचा ने एक प्रेस वार्ता कर रतलाम के बाजना बसस्टैण्ड फोरलेन निर्माण को लेकर हो रही राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। उन्होंने सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत के साथ मिलकर गुरुवार को रतलाम में एक प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में विधायक हर्ष गेहलोत द्वारा विधानसभा में पुछे गए सवाल और उसके जवाब में मिले आंकड़ो को प्रस्तुत करते हुए रतलाम शहर विधायक चेतन्य कश्यप पर गम्भीर आरोप लगाए। प्रेस वार्ता के समय बाजना बस स्टैण्ड संघर्ष समिति के सदस्य भी उपस्थित थे। संघर्ष समिति के संरक्षक एवं पूर्व महापौर कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने आरोप लगाया कि बाजना बस स्टैंड से वरोठ माता मंदिर तक बनने वाले फोरलेन में विभाग ने एक ही सड़क के निर्माण के लिए एक ही समय में, एक ही स्थान के लिए दो अलग-अलग डीपीआर जारी किए हैं। पहले में 17.47 करोड़ जबकि दूसरे में 10.04 करोड़ रुपए की जानकारी है। पारस सकलेचा ने आरोप लगाते हुए कहा कि फोरलेन निर्माण में गड़बडिय़ां हुई और जनता को भ्रामक सूचना दी गई। इसमें शहर विधायक की भूमिका पर भी प्रश्न उठाये। उन्होंने कहा कि विधानसभा में लोक निर्माण विभाग द्वारा बाजना बस स्टैंड से सागोद रोड निर्माण की जो डीपीआर दी गई, उसमें सड़क की कुल लागत 1004.75 लाख बताई गई है और प्रति किलोमीटर लागत 334.916 लाख। यह रिपोर्ट 21 फरवरी 2019 को दी गई है। जबकि सूचना का अधिकार कानून के तहत जो डीपीआर दी गई है उसमें लागत 1747.06 लाख रुपए बताई गई है और प्रति किलोमीटर 582.35 लाख रुपए है। यह रिपोर्ट 15 जनवरी 2018 को दी थी।

ADV .

 पारस सकलेचा आरोप लगाया कि लगभग 17 करोड़ रुपए का घोटाला किया गया है। विधानसभा में दिए गए जवाब में बाजना बस स्टैंड फोरलेन निर्माण के लिए मकान और दुकान में तोड़फोड़ नहीं करने की बात कही गई है, जबकि वास्तविकता सभी जानते हैं। इसका दोषी कौन है? 104 फ़ीट की रोड बनाने के नाम पर रहवासियों को बेवजह परेशान किया गया है। जबकि रोड कम चोड़ाई की बन रही है। इस कृत्य में गंभीर अनियमिताऐं हुई है। लोक विभाग निर्माण विभाग के अधिकारी, नगर निगम कमिश्नर, तथा अन्य शासकीय कर्मचारी भी दोषी है। विधान सभा के जवाब में गलत जानकारी दी गई है। बाजना बस स्टैंड की जगह भी गलत बताई है। इसी क्रम में सकलेचा ने कश्यप की भूमिका पर भी शंका व्यक्त की है।

सकलेचा ने सवाल किया कि सागोद रोड रेलवे पुलिया के नवनिर्माण के लिए तीन वर्ष पहले रेलवे ने पुलिया की ड्राइंग, प्राक्कलन बनाने के लिए 18.48  लाख रुपए जमा करवाने की बात कही थी। ये रुपए आज तक जमा नहीं किए गए हैं। इसकी क्या वजह है? आज नए फोरलेन बनने के बाद भी ट्रैफिक 20 फीट चौड़ी रेलवे पुलिया से कैसे गुजरेगा? पारस सकलेचा ने आनेवाले समय मे कोर्ट, पुलिस शिकायत, कलेक्टर से मुलाकात एवं शासकीय जांच इत्यादि जैसे कदम उठाने की भी बात कही है। प्रेस वार्ता के दौरान सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत, संघर्ष समिति अध्यक्ष अजय चत्तर, सचिव अंर्जुन पंवार, डॉ आई एस त्रिवेदी, डॉ जोशी सहित अनेक समिति सदस्य उपस्थित थे। आपको बता दे कि बाजना रोड के फोरलेन निर्माण को लेकर भाजपा में भी गुटीय राजनीति सामने आ गई थी। पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा नेता हिम्मत कोठारी ने भी रोड की चोड़ाई को लेकर आपत्ति उठाई थी।