क्या वजह रही कि रतलाम शहर विधायक काश्यप मंच पर बोलते बोलते रुक गए??

0

News By – विवेक चौधरी (रतलाम ब्यूरों प्रमुख)

(www.newsindia365.com) रतलाम। मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास कार्य के द्वितीय चरण के अंतर्गत लगभग 16 करोड़ के विकास कार्यो का भूमिपूजन प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सचिन यादव, प्रदेश योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष एवं रतलाम शहर विधायक चैतन्य काश्यप, आलोट विधायक मनोज चावला, शहर महापौर डॉ सुनीता यार्दे, नगर निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी, कांग्रेस एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष, दोनों पार्टी के अनेक पार्षदगण तथा नेताओं की उपस्थिति में दो बत्ती स्थित सज्जन प्रतिमा के पास सम्पन्न हुआ। मंच एवं दर्शक दीर्घा में दोनों दल के सदस्य समर्थक उपस्थित थे। किंतु आधे से अधिक कुर्सियां खाली पड़ी रही। निगम के अधिकारी, कर्मचारी लोगो से पंडाल में बैठने का आग्रह करते नज़र आये। सभा को सचिन यादव, चैतन्य काश्यप, मनोज चावला, सुनीता यार्दे, अशोक पोरवाल, यास्मीन शेरानी ने संबोधित किया। आभार निगमायुक्त एस के सिंह ने व्यक्त किया। विकास कार्यों अन्तर्गत कॉन्वेंट स्कूल तिराहे से सैलाना बस स्टैंड सिटी फोरलेन, न्यू रोड तथा डाट की पुल रोड के टू लेन निर्माण तथा पुराने मोंटेसरी स्कूल की जगह महिला क्रीड़ा संकुल बनाने का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया था। लेकिन मंच पर बैकड्रॉप में लगाये गए फ्लेक्स में त्रुटियां नज़र आई। तिराहे शब्द को गलत लिखा गया था जिसे अंत समय मे हाथ से सुधारा गया। साथ ही फ्लेक्स पर सभी के चित्र तो थे लेकिन नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्द्धन सिंह का चित्र नहीं था। जिसको लेकर गुटीय राजनीति पर चर्चा होने लगी। कार्यक्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी भी उपस्थित थे।

Advt.

नगर विधायक मंच पर बोलते समय चुप हो गए

अपने उद्बोधन में नगर विधायक चैतन्य काश्यप ने प्रभारी मंत्री सचिन यादव के पिता स्वर्गीय सुभाष यादव की विशेषताओं को स्मरण किया। किसान हित से जुड़े होने का हवाला देकर शहर में मध्य स्थित प्याज एवं फूल मंडी के स्थानांतरण की मांग की। तथा वर्तमान मंडी में कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव रखा। सीवरेज से खराब हुई सड़को तथा नवनिर्माण वाली सड़को के लिए राशि आवंटन की भी मांग की। जिसपर मंत्रीजी ने अपने संबोधन में यथासंभव मदद का आश्वासन भी दिया। विधायक चैतन्य काश्यप के संबोधन के समय कुछ देर के लिए अजीब स्थिति बन गई जब मंच पर मंत्री सचिन यादव, निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी और मंच पर इशारा करके बुलाये गए निगमायुक्त एस के सिंह आपस मे चर्चा करने लगे। जिससे विधायक महोदय के प्रवाह में खलल हुआ, साथ ही वो शहर के लिए आवश्यक बिंदुओं पर मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट कर रहे थे उसमें नजरअंदाजी भी हुई। जिससे चैतन्य काश्यप ने मंच पर बोलना बन्द कर दिया और कहा कि पहले आप अपनी जरूरी चर्चाएं कर लीजिए। चूंकि सम्बोधन के समय मंच पर इस प्रकार की चर्चा गरिमा अनुरूप नहीं थी इसलिए तीनों ने तुरंत चर्चा को विराम दिया। और निगमायुक्त अपनी जगह लौट आये। संबोधन के लिए जाने के बाद विधायक काश्यप की खाली हुई जगह पर निगम नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी अपनी जगह से आकर बैठ गई थी और मंत्री सचिन यादव से चर्चा करने लगी थी। जिसमे नीचे से निगमायुक्त भी आकर सम्मिलित हो गए थे। जिसपर यह स्थिति निर्मित हुई थी। निगम अध्यक्ष ने अपने संबोधन में शहर विधायक को विकास पुरुष तथा शहर को सिटी फोरलेन से परिचय कराने वाला बताया। आलोट विधायक मनोज चावला ने अपने बचपन एवं शिक्षाकाल में रतलाम में बिताए हुए समय को स्मरण किया तथा शहर के विकास में यथायोग्य सहयोग का आश्वासन दिया। शहर महापौर डॉ सुनीता यार्दे का सम्बोधन उनके कार्यकाल के प्रतिवेदन प्रस्तुत करने जैसा था। लेकिन दोनों दलों के नेताओं ने मंच शहर विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा सहयोग देने की सकारात्मक बात कही। यदि यह साकार होता है तो रतलाम के लिए एक बड़ी सौगात होगी।