रतलाम रेल मंडल के कर्मचारी पुरुस्कृत, साथ ही मंडल में महिला दिवस कैम्पेन की तैयारी

0

News By – विवेक चौधरी

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर मंगलवार 03 मार्च 2020 को मंडल रेल प्रबंधक विनीत गुप्ता द्वारा रतलाम स्टेशन पर याँत्रिक (कैरिज एवं वैगन ) विभाग के कर्मचारियो को एसएसई / पैसेंजर के कार्यालय में पुरस्कार स्वरुप प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक विनीत गुप्ता द्वारा स्टेशन से गुजरने वाली मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों की जाँच में लगे रोलिंग इन रोलिंग आउट कर्मचारियों द्वारा स्टेशन पर ट्रेनों की चलती अवस्था में स्प्रिंग टूटने एवं डिफेक्ट पाए जाने के प्रकरणों को सतर्कतापूर्वक पकड़ने एवं उन पर त्वरित कार्यवाही सुनिशचित करते हुए संरक्षित अवस्था में गंतव्य स्थान तक भेजना सुनिशचित किया एवं साथ ही रतलाम स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में एसएलआर में ओवरलोडिंग के प्रकरणों को पकड़कर इनपर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की गई। ऐसे कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्वयं आगे बढ़कर रतलाम स्टेशन पर जाकर उनके सहयोगी कर्मचारियों के समक्ष पुरस्कृत किया एवं सभी का मनोबल बढ़ाया। साथ ही पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारयों को समझाया कि हर क्षेत्र में सुधार की अनेक संभावनाएं है अतः कार्य में उत्तरोत्तर सुधार करें एवं इसी प्रकार संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कार्य में उत्कृष्टता बनाए रखें। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर कमल सिंह चौधरी भी उपस्थित थे।

रतलाम रेल मंडल में महिला दिवस कैम्पेन

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में दिनांक 01 से 10 मार्च 2020 तक रतलाम मंडल पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कैंपेन का आयोाजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। दिनांक 3 मार्च 2020 को सीनियर रेलवे इंस्टीट्युट से मंडल कार्यालय तक पैदल मार्च का आयोजन किया गया। इस पैदल मार्च को मंडल रेल प्रबंधक विनीत गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पैदल मार्च में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी / अधिकारी के साथ ही साथ सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार रतलाम मंडल महिला कल्याण संगठन द्वारा भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें रतलाम मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत कुल 20 महिला कर्मियों को रतलाम मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा मंजूषा गुप्ता द्वारा पुरस्कृत किया गया। आज दिनांक 03 मार्च 2020 को गुइस ट्रेन संख्या एमडीसीसी का परिचालन महिला क्रू मेम्बर द्वारा किया गया। जिसके लोको पायलट बीना मुरलीधरण, सहायक लोको पायलट पूजा एवं गार्ड दीपिका बैरागी थी। उपरोक्त जानकारी मंडल रेल प्रवक्ता मनोज कुमार पांडेय द्वारा दी गई।