विभाजित भूखण्डों पर मिलेगी भवन निर्माण अनुमति, अवैध और अविकसित कॉलोनियों होगी नियमित और नहीं होगी बाजार बैठक वसूली…

0

News By – विवेक चौधरी 

  • एक तरफ प्रहलाद जैसा समाजसेवी, दूसरे की छवि और रिकार्ड देखकर मतदान करना – मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान
  • रतलाम की जनसभा में मुख्यमंत्री ने दिलाया भाजपा की जीत का संकल्प

रतलाम 9 जुलाई 2022। मैं किसी की आलोचना नहीं कर करता, लेकिन रतलाम नगर निगम चुनाव में एक तरफ प्रहलाद जैसा समाजसेवी है, तो दूसरे की छवि और रिकार्ड देख लो। उनके खिलाफ कौन-कौन से मामले चल रहे है, सबको पता है। प्रहलाद अकेले नहीं है, इनके साथ चेतन्यजी, हिम्मतजी सहित पूरा भाजपा का नेतृत्व है। इनके साथ मामा भी और प्रधानमंत्रीजी का आशीर्वाद भी है। महापौर के साथ नगर निगम मंे भाजपा की परिषद् भी जरूरी है। इन शब्दों के साथ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने रतलाम के धानमण्डी चौराहा पर आयोजित विशाल जनसभा में भाजपा की जीत का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि विभाजित भूखण्डों पर भवन निर्माण की अनुमति शुरू होगी, सभी अवैध और अविकसित कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा और नगर निगम का बाजार बैठक शुल्क समाप्त किया जाएगा। शहर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा नगर निगम में कांग्रेस की परिषद् बन गई, तो सारे काम रूक जाएंगे। जनकल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक नहीं पहुंचेगी। कमलनाथजी कह देंगे, मामा कहे आगे चलो तो तुम पीछे जाओ। मैं कहू दाए चलो तो वह बाए जाएंगे, मैं कहूं उपर चलो तो नीचे जाएंगे। आज रतलाम की सड़कों पर जो आशीर्वाद व प्यार मिला, वह अद्भूत है। उसके लिए भले ही जान चली जाए, आपके विश्वास को टूटने नहीं दूंगा । रतलाम के विकास को गति देने के लिए महापौर भारतीय जनता पार्टी का चाहिए। प्रहलाद पटेल नौजवान है। दिन-रात मेहनत करेंगे और काम में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसका भरोसा दिलाता हॅू। एक वार्ड से शबाना खान निर्विरोध पार्षद चुनी गई है। शेष सभी वार्डों में भी भाजपा पार्षद प्रत्याशियों को जिताएं, जिससे वार्ड की तस्वीर और जनता की तकदीर बदलेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कांग्रेस ने 1965 के बाद विकास के कोई कार्य नहीं किए। जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान रतलाम में इसी मंच से मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी, वह पूरी हो चुकी है। सीवरेज से क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कें नई बनंेगी। अमृत मिशन-2 के तहत स्वीकृत राशि से सड़कों के साथ पेयजल समस्या भी दूर होगी। रतलाम में 1800 हेक्टेयर क्षेत्र में 472 करोड़ से विशेष निवेश क्षेत्र विकसित होगा। इसमें 18 हजार करोड़ के उद्योग आएंगे और 25 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। 300 बेड का अस्पताल बनाने के साथ सिटी रिंग रोड बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 18 माह की कांग्रेस सरकार ने संबल सहित जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दी थी। उनकी सरकार ने स्ट्रीट वेंडर योजना में छोटे व्यापारियों को राशि दी है। कोरोना काल में निःशुल्क राशन बांटा और सामाजिक क्रांति करते हुए हर परिवार को आवास देने का प्रयास किया है। चौहान ने कहा गुंडे, बदमाश, दबंग और माफिया का आतंक मध्यप्रदेश में नहीं चलेगा। भाजपा सरकार सबका साथ और सबका विकास चाहती है। आतंक और आतंकवादी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सरकार ने बुलडोजर चलाकर 21 हजार एकड़ जमीन मुक्त करवाई है, जिसे गरीबों में बांटा जाएगा। मध्यप्रदेश की धरती पर कोई बिना जमीन के नहीं रहेगा। आवास के लिए पट्टा, पैसा और फ्लेट सभी दिए जाएंगे। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा बंद की गई अन्य योजनाओं को भी शुरू कर हर वर्ग को लाभ देने का काम किया जा रहा है।

मामाजी के खजाने पर भानजे का अधिकार – प्रहलाद पटेल
जनसभा में महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कहा कि रतलाम की जनता दिल वाली है। चुनाव में जो प्यार एवं आशीर्वाद आमजन से मिला है। उसका पूरा कर्ज चुकाएंगे। मामा के खजाने पर भानजे का अधिकार होता है, उसका बड़ा हिस्सा रतलाम के विकास के लिए प्राप्त कर विधायक चेतन्य काश्यप के मार्गदर्शन में नगर को महानगर बनाएंगे।
विकास की गाथा लिखेगी भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार – चेतन्य काश्यप

आरंभ में विधायक चेतन्य काश्यप ने स्वागत भाषण देते हुए कहा रतलाम को नगर से महानगर बनाने की शुरूआत हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज की सौगात मुख्यमंत्री चौहान की देन है। निवेश क्षेत्र से औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास होगा। शहर के हित में भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। इससे केन्द्र, राज्य और नगर की ट्रिपल इंजन सरकार विकास की नई गाथा लिखेगी। सभा का संचालन चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल ने किया। आभार जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय ने माना।


https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|

आप स्वयं जुड़े और अपने मित्रो साथियों को भी जोड़े|