वैकल्पिक मार्ग की खोज में निकली रतलाम की जनता !!! आज से बंद होगा डाट की पुलिया पर आवागमन…

0

News By – विवेक चौधरी 

  • आखिर क्यों जरूरी है शहर के दोनों भागों को जोड़ने के नए मार्ग??

रतलाम। रतलाम के रेलवे कॉलोनी एवं रतलाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 की तरफ से शहर एवं रेलवे के डीआरएम कार्यालय को जोड़ने वाला ‘डाट की पुलिया मार्ग’ आज से आवागमन के लिए बंद हो गया है। डाट की पुलिया के नीचे के मार्ग मरम्मत के लिए यह 12 फरवरी तक बंद रहेगा। लगभग 2 सप्ताह तक इससे गुजरने वाले रहवासियों को अब काफी लंबी दूरी एवं ज्यादा समय लगाकर वैकल्पिक मार्ग से आना जाना पड़ेगा। यह मार्ग रेलवे कॉलोनी, उसके आसपास के क्षेत्र एवं औद्योगिक क्षेत्र के साथ साथ रतलाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर 7 से शहर को जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते है, जिन्हें आगामी दिनों परेशानियों का सामना करना होगा।

नए वैकल्पिक मार्ग की है आवश्यकता

शहर को पटरी पार क्षेत्र से जोड़ने वाला सर्वाधिक दबाव वाला मार्ग सैलाना ओवरब्रिज है। विगत लंबे समय से राम मंदिर से सैलाना बस स्टैंड वाले मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है, अब इस पर दबाव और बढ़ेगा। जो शहरवासियों के लिए परेशानियों का सबब बनेगा। रतलाम शहर से जुड़े जिम्मेदारों को शहर को पटरी पार क्षेत्र से जोड़ने के नए वैकल्पिक मार्गों पर अब जल्द ही चिंता करने की आवश्यकता है क्योंकि एक लंबे समय से यह मांग उठती भी रही है। सबसे ज्यादा परेशानी रेलवे कॉलोनी और क्षेत्र के रेलवे कर्मचारियों को होगी, क्योंकि उन्हें डीआरएम ऑफिस अथवा दो बत्ती क्षेत्र आने के लिए अब शहर भ्रमण करना पड़ेगा।

मुम्बई दिल्ली रेल मार्ग रतलाम शहर को दो भागों में विभक्त करता है। जिसे बोलचाल में नए और पुराने रतलाम के रूप में जाना जाने लगा है। इस समय उपलब्ध विकल्प के रूप में जावरा फाटक अंडर ब्रिज, रोडवेज बस स्टैंड अंडरब्रिज, प्रताप नगर बायपास होते हुए घटला कॉलोनी रेलवे ब्रिज (डी मार्ट तिराहा) के पास बकरा पुल (पैदल और दो पहिया वाहन के लिए मात्र) से तथा औद्योगिक क्षेत्र रेलवे क्रॉसिंग से रेलवे कॉलोनी एवं उसके आसपास के क्षेत्र में आवागमन का मार्ग उपलब्ध है जो कि एक बहुत लंबा मार्ग है।

सुभाष नगर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज अभी निर्माणाधीन है। जिससे यह मार्ग भी बंद है। इस क्षेत्र वालों को सागोद रोड रेलवे पुलिया पार करके डोंगरे नगर होते हुए सैलाना रोड के लिए आवागमन के लिए उपयोग करना पड़ता है। यह मार्ग भी एक लंबी दूरी एवं ज्यादा समय लेने वाला मार्ग है। वैसे भी सागोद रोड पर इस समय काम चल रहा है। इसलिए अब शहर के लिए जरूरी है कि पटरी पार को शहर से जोड़ने के लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था पर भी गंभीर चिंतन हो।

काटजू नगर और कस्तूरबा नगर के बीच रेल्वे लाइन से ऊँचाई का लाभ लेकर एक पुल बनाया जा सकता है जो डाट की पुल और सैलाना रोड ओवरब्रिज का दबाव कम कर सकता है। इसी तरह का प्रस्ताव काटजू नगर की पार्षद मनीषा व्यास की तरफ से भी प्रस्तुत किया गया था। इसी तरह जवाहर नगर लक्ष्मणपुरा क्षेत्र को रेलवे लाइन के नीचे नाले के साथ दो पहिया वाहन के लिए पॉवर हाउस रोड तक जोड़ने की योजना बनाई जा सकती है। जिससे छोटे वाहन वाले आसानी से आवागमन कर सकेंगे। शहर के विस्तार के साथ शहर की बढ़ती आबादी के लिए वैकल्पिक मार्ग की चिंता करना अत्यावश्यक है। डाट की पुलिया मार्ग की मरम्मत ने इस ओर ध्यान आकर्षित किया है। अब यह शहर के जिम्मेदारों के पाले में गेंद है कि शहर की यातायात सुधार में क्या समाधान प्रस्तुत किये जा सकते है।

क्यों बंद होगा डाट की पुलिया मार्ग

रेलवे विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया है कि पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के रतलाम में मुम्‍बई दिल्‍ली मुख्‍य रेल मार्ग पर स्थित डाट की पुलिया के नीचे की सड़क काफी खराब हो गई है जिसका मरम्‍मत किया जाना प्रस्‍तावित है। सड़क का मरम्‍मत कार्य 01 फरवरी, 2023 से 12 फरवरी, 2023 तक किया जाना निर्धारित किया गया है। मरम्‍मत कार्य किये जाने के कारण डाट की पुलिया से सभी प्रकार के वाहनों का 01 फरवरी, 2023 प्रात: 08.00 बजे से 12 फरवरी, 2023 रात्रि 20.00 बजे तक आवागमन बंद रहेगा। 01 फरवरी, 2023 से 12 फरवरी, 2023 तक सड़क उपयोगकर्ता उपलब्‍ध अन्‍य वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

 

 


रतलामी फीवर के लिए हमें व्हाट्सएप पर ज्वाइन करे…

https://chat.whatsapp.com/I3cXSVVXvVF8Xo4OHT2A9t

न्यूज़ इंडिया 365 – खबरों का रतलामी फीवर के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने और महत्वपूर्ण समाचारो के साथ अपने को अपडेट रखने के लिए, ऊपर दी गयी लिंक पर क्लिक करे|