News by – विवेक चौधरी & नीरज बरमेचा
- गायत्री टाकीज रोड पर चाटवाले पर जानलेवा हमले करने वालों को डकैती की योजना बनाते पुलिस ने किया गिरफ्तार, निकाला जुलूस…
- स्टेशन रोड पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए किया 6 को गिरफ्तार।
- गायत्री टाकीज के सामने चाट ठेला वाले पर जानलेवा हमले के भी है आरोपी।
रतलाम। पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए गायत्री टाकीज पर चाटवाले पर फिल्मी अंदाज में उगाई की धमकी और फिर जानलेवा हमले करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जुलूस निकला दिया। जुलूस के दौरान आरोपी कान पकड़कर अब अपराध ना करने की बात कह रहे थे। पुलिस के अनुसार ये आरोपी डकैती की योजना बनाते गिरफ्तार किये गए है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में वसूली के चक्कर में चाँदनी चौक के चाटवाले पर हमला और उसके पश्चात उसकी मृत्यु तथा अब गायत्री टाकीज रोड पर पाव भाजी का ठेला लगाने वाले से गुंडागर्दी की घटना से पुलिस कार्यवाही पर खुलेआम प्रश्नचिन्ह लगने लगे थे। यह पुलिस की प्रतिष्ठा का भी प्रश्न बन गया था कि वो गुंडों से सख्ती से निपटे और जनता का विश्वास हासिल करें। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपराधिक प्रवृत्ति वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान थे। एएसपी राकेश खाखा एवं सीएसपी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगो पर निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किए गए। जिसमे पुलिस को सफलता हाथ लगी।
मंगलवार को थाना स्टेशन रोड पर पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बाजनखेड़ा फांटे के पास कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे है। इस पर कार्यवाही करते हुए पुलिस द्वारा चार टीम बनाकर मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर दबिश दी। दबिश के दौरान 06 लोग हाथो में डंडे व लाठी लेकर रतलाम में लूट करने की योजना बनाते हुए मिले। सभी बदमाश पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ करने पर इनके नाम भोला उर्फ मोनू पिता रामेश्वर पाटीदार निवासी चिंतामन गणपति के सामने पैलेस रोड रतलाम, अजय उर्फ अज्जू बरगुंडा पिता जगदीश बरगुंडा निवासी बरगुंडो का वास, हाट की चौकी रतलाम, चित्रांश पिता महेश कुमार देसाई निवासी गुरुकृपा ढाबा एबी बायपास रोड मंगल्या, जिला इंदौर, राहुल कांटा पिता धन्नालाल निवासी नयागांव राजगढ़ रतलाम, हितेश ऊर्फ भय्यू पिता सीताराम साहू निवासी राजीव नगर रतलाम, मनोज पिता गिरधारीलाल पाटीदार निवासी ग्राम कनेरी रतलाम पता चले।
बदमाशो की तलाशी लेने पर आरोपी भोला पाटीदार की कमर के पीछे से 01 देशी कट्टा व जेब से 02 जिंदा कारतूस मिले। चित्रांश देसाई के पास से खटकेदार चाकू तथा हितेश साहू के पास से तलवार मिलने पर जब्त की गई। साथ ही 3 लाठी व बेस बाल के डंडे, बीड़ी के बंडल, बियर की 12 खाली केन, 06 देशी पव्वा इत्यादि भी जब्त किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध 399, 402 भादवि एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। डकैती की योजना बना रहे बदमाशो में से 04 के द्वारा दिनांक 16 जुलाई को शाम थाना स्टेशन रोड अंतर्गत गायत्री टाकीज के सामने एक चाट वाले पर जान लेवा हमला करने के संबंध में हत्या के प्रयास का मामला पंजीबद्ध है।
इस कार्यवाही में पुलिस टीम में थाना स्टेशन रोड प्रभारी किशोर पाटनवाला, उनि सत्येंद्र रघुवंशी, उनि गेंदालाल भूरिया, उनि मुकेश यादव, सउनि प्रदीप शर्मा, सउनि इसाक मोहम्मद खान, सउनि मोहम्मद इरफान खान, प्रधान आरक्षक दिलीप देसाई, शैलेंद्र सिंह राठौड़, विनोद गौर, लखन यादव, मनीष यादव, नरेश बाबू आरक्षक विजय सिंह शेखावत, पवन मेहता, धर्मेंद्र, दीपक मकवाना, अभिषेक पाठक और राजेश बक्शी शामिल थे।



