News by – विवेक चौधरी
रतलाम। बीती शाम को पुलिस को सूचना मिली कि चाकू लगने से घायल एक महिला की रेलवे हॉस्पिटल में मृत्यु हो गई है। जिसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो देखा, आरोपी पति कपड़े बदल कर घर में सो रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना की वजह नशे की लत एवं नशे को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रतलाम शहर के पटरी पार क्षेत्र के निवासी रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी राजकुमार मांझी (67) वर्ष ने पत्नी मधु मांझी (62) को नशे के लिए रुपये मांगने के विवाद के बाद छाती में चाकू मार दिया। हादसे के वक्त दंपत्ति का बेटा कमलेश मौजूद था, जिसने तत्काल आसपास के रहवासियों के सहयोग से घायल महिला को रेलवे अस्पताल ले गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को मृतक महिला का पोस्टमार्टम किया जाएगा जिसके पश्चात शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
नशे की लत एवं उसके दुष्प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी राजकुमार मांझी रेलवे से सीनियर ट्रैफिक कंट्रोलर के पद से सेवानिवृत्त हुए व्यक्ति है, जो सुरभि परिसर में निवास करते है। राजकुमार माझी अपनी पत्नी एवं अविवाहित पुत्र कमलेश के साथ रहते है, जबकि उनकी दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की शाम को भी आरोपी नशे में थे। नशे को लेकर शाम उनका पत्नी से विवाद हुआ, गुटखा खाने के लिए पत्नी से रुपए मांगे। पत्नी द्वारा रुपए देने से मना करने पर आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने पत्नी की छाती में चाकू से वार कर दिया। बेटा कमलेश पड़ोसियों की मदद से घायल महिला को रेलवे अस्पताल ले गया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामला औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने का है, जो इस घटना की तफ्तीश कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी को जब पुलिस ने जब गिरफ्तार किया तब भी वो नशे में ही था।



