मात्र चार माह के कार्यकाल में ही रतलाम के एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा स्थानांतरित…

0

News by – विवेक चौधरी

रतलाम, सोमवार 31 जुलाई। जिले के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा को अभी रतलाम में आए सिर्फ चार माह ही हुए थे कि उनका स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय भोपाल पर सहायक पुलिस महानिरीक्षक के रूप में हो गया है। उनका स्थान बुराहनपुर के पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोधा लेंगे। वर्तमान एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा 2010 बैच के आइपीएस है और उन्होंने मार्च माह के अंतिम दिनों में रतलाम में पदभार ग्रहण किया था और मात्र चार माह में ही उनका स्थानांतरण हो गया है। सौम्य स्वभाव के बहुगुणा ने अपने कार्यकाल में मादक पदार्थो का अवैध व्यापार पर लगाम लगानी शुरू कर दी थी एवं अनसुलझे अपराध एवं चोरी की घटनाओं के खुलासे करने आरंभ कर दिए थे। आज भी उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्राम पलसोड़ी के शासकीय विद्यालय में हुई लाखो रुपये की कंप्यूटर एवं अन्य सामग्री की चोरी का खुलासा किया था। तथा आलोट क्षेत्र में अफीम और डोडाचूरा की तस्करी पर कार्यवाही की जानकारी दी थी। साथ ही उन्होंने नकली नोटों का कारोबारियों के संदर्भ विवेचना आदि की बात मीडिया से साझा की थी।

यद्यपि इस समय प्रान्त में चुनाव पूर्व तबादलों का दौर चल रहा है लेकिन एसपी बहुगुणा का इतने कम समय में तबादला अपने आप में चर्चा का विषय बन गया। बहरहाल जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में 2011 बैच के आईपीएस राहुल कुमार लोधा जल्द ही अपना पदभार ग्रहण करेंगे। आईपीएस राहुल कुमार लोधा वर्तमान में बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलतः महाराष्ट्र के राहुल कुमार लोधा ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और 2011 के बैच में आईपीएस चयनित हुए है।