जिले में डीजल पेट्रोल की कोई समस्या नहीं – कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार

0

जिले में डीजल पेट्रोल की कोई समस्या नहीं – कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार

News by –  विवेक चौधरी

रतलाम। (1 जनवरी 2024) केंद्र सरकार के हिट एंड रन केस के लिए बनाए गए नए कानून के विरोध में ड्राइवर्स, ट्रांसपोर्टर्स एवं बस संचालकों ने हड़ताल का आह्वान किया था। जिसका असर आज यातायात व्यवस्था पर देखा गया। कुछ जगह ऑटो को रोकने और विरोध प्रदर्शन में सड़क मार्ग बंद करने की भी खबरें मिली। पेट्रोल डीजल के टैंकर्स ना चल पाने की अफवाहों ने पेट्रोल पम्प पर भीड़ लगवा दी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आता दिख रहा है। जिले के कलेक्टर और एसपी दोनों ने अपने स्तर से बयान जारी किए है। एसपी राहुल कुमार लोधा ने विरोध को वैधानिक तरीके से ही करने की हिदायत वाला वीडियो जारी किया और कहा कि विरोध से आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही यह भी चेताया कि अगर विरोध में ज्यादती की गई तो विरोध कर रहे ड्राइवर्स के लायसेंस भी निरस्त हो सकते है।

 वहीं दूसरी ओर कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने एक बयान जारी कर कहा है कि जिले में पेट्रोल डीजल की कोई समस्या नहीं है। इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड से भी चर्चा हो चुकी है। डीजल पेट्रोल का पर्याप्त भंडारण है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि कृपया अफवाह पर ध्यान नहीं दें। यह भी बताया है कि जिले में संस्थागत दुग्ध सप्लाई अर्थात साँची दूध संबंधित समस्या नहीं है। पर्याप्त मात्रा में समय पर नागरिकों को दुग्ध मिल सकेगा।

विरोध के लिए संगठनों से बैठक

इसके अलावा स्थानीय स्तर पर मुद्दों के समाधान के लिए 2 जनवरी को प्रातः रतलाम में संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक रखी गई है। कलेक्टर ने कहा कि जो भी व्यक्ति विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, वे कानून व्यवस्था का ध्यान रखें, सामान्य जन को परेशानी पैदा करने पर विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।